पीएम श्री नवोदय विद्यालय की छात्रा लोकश्री रजक ने 10वीं में लहराया परचम, अर्जित किए 95% अंक कवर्धा एवं अपने परिवार का नाम रौशन करने वाली बिटिया का गौरव मय भविष्य कि कामना

पीएम श्री नवोदय विद्यालय की छात्रा लोकश्री रजक ने 10वीं में लहराया परचम, अर्जित किए 95% अंक
कवर्धा – केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणामों में क्षेत्र की प्रतिभावान छात्रा लोकश्री रजक ने अपनी सफलता का लोहा मनवाया है। पीएम श्री नवोदय विद्यालय उड़ियाकला (कबीरधाम) में अध्ययनरत लोकश्री रजक ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले व विद्यालय का नाम रोशन किया है।
लोकश्री रजक, शिक्षक दंपति सुखीराम रजक “गुरुजी” एवं माता मेघा रजक की ज्येष्ठ सुपुत्री हैं। अपनी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए लोकश्री ने इसका श्रेय नियमित स्वाध्याय और अपने शिक्षकों व माता-पिता के कुशल मार्गदर्शन को दिया है।
उल्लेखनीय है कि इस परिवार में खुशियों का यह दोहरा अवसर है। बीते दिनों घोषित हुए नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के परिणामों में लोकश्री की छोटी बहन, प्रतिष्ठाश्री रजक ने भी सफलता प्राप्त कर कक्षा छठवीं में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। दोनों बहनों की इस उपलब्धि पर शाला परिवार और शुभचिंतकों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है।



